नीमकाथाना।भीषण गर्मी के इस दौर में नीमकाथाना के छावनी स्थित पुलिस मोहल्ले के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों से बंद पड़ी बोरवेल को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से पुन: सुचारू कर दिया गया है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ कार्य
इस महत्वपूर्ण जनहित कार्य के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, भाजपा नेता प्रमोद सिंह बाजोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों की देखरेख में तकनीकी टीम ने बोरवेल की मरम्मत कर इसे पुनः चालू करवाया। साथ ही, मौके पर आवश्यक सुविधाएं भी स्थापित की गईं, ताकि जलापूर्ति में कोई बाधा न आए।

आस-पास के मोहल्लों को भी होगा लाभ
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से बोरवेल बंद होने के कारण पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। अब इसके सुचारू रूप से शुरू होने से न केवल पुलिस मोहल्ला (छावनी), बल्कि आसपास के मोहल्लों में भी जल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या का समाधान होने से क्षेत्रवासियों में काफी खुशी है और आमजन द्वारा इस कार्य को अत्यंत प्रशंसनीय बताया जा रहा है।
