कोटपूतली।पुलिस अधीक्षक जिला कोटपूतली-बहरोड़, सतवीर सिंह (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और अपराधियों को त्वरित सजा दिलाने के निर्देशों की पालना में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराणा, सुरेश कुमार खींची (RPS) के निर्देशन, पुलिस उप अधीक्षक वृत्त बहरोड़, सचिन शर्मा (RPS) के निकटतम सुपरविजन और थानाधिकारी बहरोड़, अंकित सामरिया (उ.नि.) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पोक्सो एक्ट के एक आरोपी के खिलाफ मात्र 24 घंटे के भीतर चालान पेश कर एक नजीर पेश की है।
दिनांक 17.05.2026 को बहरोड़ क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटित हुई थी। पीड़िता की माता की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना बहरोड़ पुलिस ने तत्परता दिखाई और दिनांक 18.05.2026 को आरोपी सुमित (18 वर्ष), पुत्र विजय सिंह, निवासी कारोटा, थाना नांगल चौधरी, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और आरोपी को सजा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, बहरोड़ पुलिस ने गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर ही आज दिनांक 20.05.2026 को माननीय न्यायालय, जिला एवं सेशन न्यायाधीश, कोटपूतली में चालान पेश कर दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के गंभीर अपराधों की पुनरावृत्ति होने पर अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त और अविलंब कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
