सेतरावा में शुरू होगी ‘पॉइंट ऑफ केयर ट्रीटमेंट’ परियोजना, 30 वर्ष से अधिक आयु वालों की होगी 10 तरह की जांच
फलोदी जिले में गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संयुक्त तत्वावधान में “पॉइंट ऑफ केयर ट्रीटमेंट” परियोजना शुरू की जा रही है। इसके तहत जिले में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की 10 प्रकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांचें की जाएंगी।
सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के प्रयासों से जिले में यह महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू हो रही है। परियोजना का शुभारंभ 13 जून को सीएमएचओ डॉ प्रतापसिंह राठौड़ , भाजपा वरिष्ठ नेता देवीसिंह सेतरावा, सेतरावा संरपच गोपालसिंह राठौड़ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेतरावा में किया जाएगा।
चिकित्सा प्रभारी डॉ योगेंद्रसिंह ने बताया कि
परियोजना की सफलता और सकारात्मक परिणामों के आधार पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेतरावा पर यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि आमजन को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं मिल सकें। यह परियोजना गैर संचारी रोगों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इन बीमारियों की होगी जांच
सीएमएचओ डॉ. राठौड़ ने बताया कि परियोजना के तहत आधुनिक पोर्टेबल उपकरणों की मदद से विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसमें ईसीजी मशीन से हृदय रोग, यूरिन जांच से किडनी रोग, ओरल एग्जाम डिवाइस से मुख एवं स्तन कैंसर, पीओसीटी टूल से सर्वाइकल कैंसर, एनएएफएलडी उपकरण से लीवर रोग तथा स्पाइरोमीटर से अस्थमा और सीओपीडी जैसे श्वसन रोगों की जांच की जाएगी। इसके अलावा रक्त जांच के माध्यम से एनीमिया और मधुमेह तथा बीपी मशीन से उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार परामर्श, रेफरल और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
