श्री श्री 1008 बाबा महापुरुष महाराज के प्रथम मेले एवं विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

National

मोलावास (मुंडावर)। ग्राम मोलावास में मंगलवार, 23 जून 2026 को आयोजित श्री श्री 1008 बाबा महापुरुष महाराज के प्रथम मेले एवं विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा महापुरुष महाराज के चरणों में श्रद्धा अर्पित की और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।

सुबह 7:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। हवन पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे, मेले एवं धार्मिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने बाबा महापुरुष महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा भंडारा प्रसादी ग्रहण की। दिनभर मेले में भक्तों की आवाजाही बनी रही और धार्मिक माहौल के बीच आयोजित कार्यक्रमों का लोगों ने भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित रंगारंग धार्मिक एवं सांस्कृतिक संध्या ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। लोक गायक तरुण बालियान (जट्टारी, अलीगढ़), छाया चौधरी, पूजा राव, सुरेश बेनीवाल एवं बिजेंद्र मोर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। श्रद्धालु देर रात तक भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।

कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच अजित यादव, ललित यादव विधायक मुंडावर, बलबीर छिल्लर जिला प्रमुख अलवर, महेश गुप्ता प्रधान मुंडावर, महंत फुलनाथ (कुड़ी धाम), महंत शंकरनाथ (बाबा खेतानाथ आश्रम, नीमराना), महंत शुभनाथ (धोकलनाथ आश्रम) एवं महंत धाकड़दास (बिरोद) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। भंडारा प्रसादी का लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। पूरे दिन बाबा महापुरुष महाराज के जयकारों से क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

समस्त ग्रामवासियों के अटूट सहयोग, समर्पण एवं अथक प्रयासों से यह धार्मिक आयोजन भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने तन, मन और धन से सहयोग करते हुए मेले, भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राकेश गुरुजी मोलावास द्वारा किया गया। आयोजकों एवं समस्त ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं भजन प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *